राहुल चावला, धर्मशाला: कांगड़ा कला संग्रहालय में इन दिनों आने वाले लोगों ओर पर्यटकों को एक ही छत के नीचे देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों की संस्कृति को रंगों के माध्यम से देखने और समझने का मौका मिल रहा है। कांगड़ा कला संग्रहालय में तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया हैं। कांगड़ा के दौलतपुर से संबंधित रेणु चड्डा जो कि निजी स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत थी, उनकी कृतियों की प्रदर्शनी कांगड़ा कला संग्रहालय में आयोजित की गई हैं।
तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अच्छा रुझान सामने आया है। रेणु चड्डा जिन्होंने विभिन्न राज्यों का भ्रमण करके वहां की कला व संस्कृति को जाना है ने अलग-अलग राज्यों की कला-संस्कृतियों को अपनी चित्रकला में उकेरा है। हिमाचल प्रदेश के साथ महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, बिहार के अतिरिक्त राधा कृष्ण के प्रेम पर आधारित पेंटिंग रेणु चड्डा ने बनाई हैं। उन्होंने बताया कि वह अब तक 80 से अधिक पेंटिंग बना चुकी हैं और कांगड़ा कला संग्रहालय में 47 पेंटिंग को प्रदर्शनी में लगाया गया है। आगे भी उनका पेंटिंग बनाने का क्रम यूं ही जारी रहेगा।
