बिलासपुर/ सुभाष ठाकुर: जिला में पर्यटन की अपार सम्भावनाओं को देखते हुए अनेक बड़ी परियोजनाए शुरू की गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधोसंरचना को विकसित किया जा रहा है। प्रकृति प्रेमी से लेकर धार्मिक आस्था रखने वाले प्रत्येक वर्ग के पर्यटकों को हर मौसम में यह प्रदेश व जिला आकर्षित करता है। यह बात सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुभाष ठाकुर ने आज बंदला में आठ दिनों तक चलने वाली पैराग्लाइडिंग की एडवांस लेवल की ट्रेनिंग देने के लिए आयोजित विशेष एस.आई.वी गतिविधियों का शुभारम्भ करने के पश्चात एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिला में गोविंदसागर झील व बंदला की पहाडी प्राकृतिक पैराग्लाइडिंग स्थल व साफ सुथरा प्रदूषण मुक्त वातावरण वाली पैराग्लाइडिंग साइट है। यह स्थल एक्रोवैटिक गतिविधियों के लिए भारत वर्ष की एक मात्र स्थल है। इस पैराग्लाइडिंग स्थल को पिछले पांच वर्षो के विशेष प्रयासों से विकसित किया गया है, जिससे अब समूथ फलाईग संभव हुई है। पैराग्लाइडिंग साइट को सड़क से भी जोड़ दिया गया है। उन्होने कहा कि बंदला पर्यटन के मानचित्र पर उभर कर आया है, जिससे स्थानिय लोगों को रोजगार के साधन भी उपलब्ध हुए है और बंदला में होम स्टे आरम्भ हो चुके है।
उन्होंने पैराग्लाइडिंग करने के इच्छुक स्थानिय युवाओं से आहवान किया है कि वे पैराग्लाइडिंग ट्रेनिग लें और इसमें निपुण बने। यह युवाओ के लिए एक रोजगार का साधन भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि बंदला की पैराग्लाइडिंग साइट से कर्मशियल पैराग्लाइडिंग फ्लाइट संचालन भी प्रारम्भ किया जाएगा और इसके लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
