मंजूर पठान,चंबा: प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री के खिलाफ़ चंबा पुलिस थाना में एक शिकायत दर्ज करवाई गई हैं। यह शिकायत हिमाचल प्रदेश पूर्व भाजपा सचिव एवं हिमाचल एससी एसटी विकास निगम के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष जयसिंह ने करवाई हैं। अपने शिकायत पत्र में भाजपा नेता व वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा है कि वर्तमान कैबिनेट मंत्री ने अपने पूर्व संसदीय कार्यकाल के दौरान लाडा का पैसा जो चंबा के विकास में खर्च किया जाना था, उसे अपने प्रभाव से जिला चंबा से बाहर जिला कांगड़ा के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में ले जाकर खर्च किया।
उन्होंने आरोप लगाया हैं कि जिला चंबा में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं के दुष्प्रभावों को जिला चंबा की जनता ने झेला लेकिन अफसोस की बात हैं कि उस जल विद्युत परियोजना के माध्यम से लाड़ा के तहत परियोजना प्रभावित क्षेत्र के विकास को प्राप्त करोड़ों रुपए की धनराशि जिला चंबा से बाहर पद के प्रभाव से तत्कालीन सांसद अपने विधानसभा क्षेत्र ले गए।
उन्होंने मांग उठाई हैं कि ऐसे में पूर्व सांसद एवं वर्तमान हिमाचल कैबिनेट मंत्री चौधरी चंद्र कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 417,419,420,467 व 468 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जाए। सदर पुलिस थाना प्रभारी चंबा संजीव चौधरी ने शिकायत पत्र प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच करेगी।
