अरविंदर सिंह, हमीरपुर: पूर्व सैनिकों की पेंशन से जुड़ी शिकायतों और पेंशन से जुड़ी सभी तरह की जानकारी उन्हें घर बैठे ही मुहैया होगी। इसके लिए उन्हें कार्यालय के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं रहेगी। अगर उन्हें कहीं कोई शिकायत है तो उसे ऑनलाइन सिस्टम से देख सकेंगे। इसके लिए सीडीए ने स्पर्श का एक नया ऑनलाइन सॉफ्टवेयर तैयार किया हैं। इस सॉफ्टवेयर के जरिए कैसे काम करना है और कैसे इससे फायदा ओर किस तरह इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है इसे लेकर टाउन हॉल हमीरपुर में पूर्व सैनिकों के लिए 2 दिनों का एक कैंप भी लगाया गया।
इस कैंप में इलाहाबाद से आई सीडीए की टीम अपडेट्स दे रही हैं। पूर्व सैनिकों को पहले बैंक के माध्यम से पेंशन मिलती थी लेकिन अब इस वर्ष सिस्टम शुरू करने से ऑनलाइन ही पेंशन और इससे जुड़े सभी कामों को निपटाने की सुविधा मिल रही हैं। पूर्व सैनिक अपना पीपीओ नंबर और इससे जुड़ी जानकारी भी इस सॉफ्टवेयर में देख सकते हैं। अगर उसे कहीं किसी बात को लेकर कोई शिकायत करनी होगी तो वह भी इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से कर सकते हैं। उन्हें बार-बार दफ्तरों तक दौड़ना नहीं पड़ेगा।
एक्स सर्विसमैन वेलफेयर विभाग हमीरपुर के डिप्टी डायरेक्टर सूकर्डन लीडर मेजर राणा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय ने पूर्व सैनिकों की सुविधा के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया हैं, जिसमें पूर्व सैनिक अपनी पेंशन से लेकर दूसरी सभी जानकारियों को ऑनलाइन हासिल कर सकते हैं। उन्हें इस सिस्टम से रूबरू करवाने के लिए हमीरपुर में दो दिवसीय स्पेशल कैंप भी लगाया गया हैं,जिसमें वह इस सॉफ्टवेयर को ऑपरेट करने की सारी जानकारियां हासिल कर सकते हैं।
