संजीव महाजन,नूरपूर: बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से देश भर में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा हिमाचल के इंदौरा पहुंच रही हैं। इस यात्रा के लिए कांग्रेस की ओर से पूरी तैयारियां की गई हैं। वहीं यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई हैं। यात्रा के लिए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने के लिए पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश संजय कुंडू मंगलवार शाम इंदौरा पहुंचे, जहां उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के तय स्थानों का जायजा लिया।
इंदौरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल का सुरक्षा घेरा तैनात कर दिया गया हैं, ताकि इस पदयात्रा में किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक ना हो। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने बताया कि पुलिस प्रशासन सुरक्षा इंतजाम को लेकर पूरी तरह मुस्तैद हैं व पुलिस विभाग सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुख्ता इंतजाम करने में जुटा हैं ताकि आम लोगों को भी परेशानी का सामना ना करना पड़े।
इस यात्रा में शामिल होने के लिए बड़े अधिकारी इंदौरा आए हुए हैं। कांग्रेस की यह भारत जोड़ो पदयात्रा 24 किलोमीटर की होगी जो कि पंजाब के मिरथल से होकर हिमाचल के मीलवां डमटाल से गुजरेगी।
