बिलासपुर, सुभाष- :शालूघाट से जबलपुल तक सड़क की खस्ताहालत को लेकर स्थानीय लोगों और पूर्व सैनिकों ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रेम सिंह की अगुवाई में एक्स सर्विसमैन यूनियन जुखाला के पदाधिकारियों ने उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन सौंपकर सड़क की हालत में जल्द सुधार करवाने की मांग की।यूनियन के प्रधान एवं एक्स सर्विसमैन कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने कहा कि शालूघाट से जबलपुल तक का मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिसके चलते वाहन चालकों को आवाजाही के दौरान काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की खराब हालत के कारण रोजाना सफर करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है.बारिश के दौरान सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को इनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग का संबंधित विभाग के अधिकारियों से निरीक्षण करवाकर आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग की है।पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रेम सिंह ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की हालत खराब होने से लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की मरम्मत के साथ-साथ भविष्य में इसकी स्थिति खराब न हो, इसके लिए स्थायी समाधान करने की मांग की।कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने भी प्रशासन से संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जनहित से जुड़ी इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगा।
