बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: नयना देवी से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने कहा कि वह विकास के मुद्दे पर जनता के बीच हैं। 1985 से लेकर अब तक करवाए गए विकास की बदौलत जनता से चुनाव के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं। हलके की जनता के साथ 37 वर्षां का साथ है और हर विकास के काम में हमारा हाथ रहा है। हालांकि भाजपा से दो बार विधायक रहने के बावजूद भाजपा प्रत्याशी रणधीर शर्मा जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाए।
सोमवार को टाली, भुआईन, धरा, लखनू, दबट, ढोड़बड़ व मजारी में आयोजित चुनावी सभाओं में रामलाल ठाकुर ने जनता के बीच अपनी आज तक की विकास गाथा रखी। उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि पूरे क्षेत्र को रोशन यदि किसी ने किया है तो वह कांग्रेस की सरकारों ने। इसी प्रकार चुनाव क्षेत्र को तीन आईटीआई की सौगात दी जिनमें लाड़ाघाट आईटीआई, स्वारघाट और नयनादेवी शामिल हैं। हालांकि लाड़ाघाट आईटीआई को लेकर भाजपा जनता के बीच खूब होहल्ला कर रही है लेकिन जनता सच्चाई से वाकिफ है। कांग्रेस के कार्यों को अपना बताकर भाजपा प्रत्याशी जनता के बीच हंसी का पात्र बन रहे हैं।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि नयनादेवी में पीएचसी, सीएचसी के अलावा 50 बैड क्षमता का घवांडल सिविल अस्पताल कांग्रेस की देन है। भाजपा की सरकार के समय इस अस्पताल में डॉक्टर व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ का अकाल रहा। जिसके चलते क्षेत्र की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रहना पड़ा और ईलाज करवाने के लिए अन्य अस्पतालों का रूख करने को विवश होना पड़ा। उन्होंने आगे बताया कि स्वारघाट को तहसील का दर्जा दिलवाने के साथ ही सब-डिवीजन भी खुलवाया। सवाल यह है कि भाजपा के कार्यकाल में भाजपा प्रत्याशी न्यायिक सब डिवीजन तक नहीं खुलवा पाए। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद न्यायिक सब डिवीजन खुलवाया जाएगा जिससे जनता को सहूलियत होगी।
कांग्रेस ने बनाया इंडस्ट्रियल एरिया ग्वालथाई, भाजपा ने किया तबाह
कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने कहा कि हलके में जितने भी वन विश्राम गृह हैं वह सब कांग्रेस की देन हैं। 99 फीसदी स्कूल यदि अपग्रेड हुए तो कांग्रेस के कार्यकाल में। ग्वालथाई में इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित किया गया लेकिन भाजपा के समय इस एरिया को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। चंगर व जुखाला की अलीखडड व गंभरोला सिंचाई स्कीमें कांग्रेस के कार्यकाल में बनी हैं।
