मंडी/परी शर्मा: मंडी जिला के टकोली में पूर्ण चंद ठाकुर के पक्ष में आयोजित हुई चुनावी जनसभा में विधायक जवाहर ठाकुर ने मंच से फिर नराजगी जताई है। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भाजपा के कई विधायकों के टिकट इस बार कटे है। जिसमें द्रंग विधानसभा के विधायक जवाहर ठाकुर का नाम भी शामिल है। जाहिर सी बात है कि टिकट कटने से एमएलए साहब नाराज भी है और उन्होने अपनी ये नाराजगी एक बार फिर मंच से जाहिर की है।
पार्टी ने यहां किया परिवर्तन इसलिए इतनी बड़ी हस्ती को आना पड़ा
द्रंग के टकोली में पूर्ण चंद ठाकुर के पक्ष में आयोजित हुई चुनाव जनसभा में यूपी के मुख्यमंत्री पहुंचे थे। जब जवाहर ठाकुर के भाषण देने की बारी आई तो उन्होंने अपने संबोधन में यूपी के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तारिफो के पुल बांधे और यूपी से सीख लेने की बात कही, लेकिन एक बार भी भाजपा प्रत्याशी पूर्ण चंद ठाकुर का जिक्र नहीं किया, ना उनके लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के पास अगर कोई सस्ता विधायक है तो वो मैं हूं। जिसके पास ना सरकारी बाबू है, ना पीएसओ है, अपने बलबूते पर कार्य किए।
उन्होंने कहा कि अगर दोबारा पार्टी ने मुझे टिकट दिया होता तो आपको यहां आने का मौका नहीं मिलता क्योंकि हम ऐसे ही यहां चुनाव को निपटा देते। लेकिन इस बार पार्टी ने यहां परिवर्तन किया है इसलिए यूपी के सीएम को यहां आना पड़ा। गौरतलब है कि भाजपा प्रत्याशी पूर्ण चंद ठाकुर के नामाकंन प्रक्रिया और अन्य जगह भी विधायक जवाहर ठाकुर नजर नहीं आए थे। हालांकि कई बार पूर्ण चंद ठाकुर ये कहते भी नजर आए कि जवाहर ठाकुर का समर्थन उनके साथ है , लेकिन आज की जनसभा में ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि जवाहर ठाकुर का समर्थन पूर्ण चंद ठाकुर के साथ है, क्योकि उन्होंने एक बार भी पूर्ण चंद का जिक्र अपने भाषण में नहीं किया।
