अरविंदर सिंह,हमीरपुर: विधानसभा चुनावों के लिए पार्टियों की ओर से अपने प्रत्याशियों की घोषणा करने के बाद प्रत्याशियों की ओर से नामांकन भरने की प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। आज बड़सर के विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी इंद्र दत्त लखन पाल ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा की भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल चुनाव लड़ नहीं रहे, बल्कि उन से चुनाव लड़ाया ही नहीं जा रहा है। भाजपा खुद अंदरूनी राजनीति का शिकार है। रिवाज बदलने का दावा कर रही भाजपा के अपने लोग पार्टी बदल कर यहां वहां जा रहे हैं। लखनपाल ने कहा कि कांग्रेस के वह लोग पार्टी छोड़कर गए हैं जिनमें सत्ता को लेकर लालच था, लेकिन भाजपा के लोग पार्टी छोड़कर इसलिए जा रहे हैं क्योंकि वह अंदरूनी रूप से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के मंत्री और विधायकों के टिकट काट दिए गए । सरकार से अपने लोग परेशान थे।
बता दे कि वर्तमान कांग्रेस विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने गुरुवार को दलबल सहित अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन पत्र दाखिल करने से पूर्व उन्होंने बड़सर बाजार में रैली निकाली जिसमें विधानसभा क्षेत्र से आए कांग्रेस समर्थकों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान इंद्र तक लखन पाल लोगों से कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने का आह्वान भी किया। बाद में उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी शशि पाल शर्मा के समक्ष अपना नामांकन प्रस्तुत कर दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोजगारी, ओपीएस और 80000 के प्रदेश पर आय कर्ज मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है। आम जनता भाजपा की दोनों सरकारों से परेशान है और कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में आकर आम आदमी को राहत देगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह आज बेशक उनके बीच नहीं है लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा पार्टी के हर कार्यकर्ता के साथ रहेगा। वह जन-जन से जुड़े हुए नेता थे और प्रदेश के विकास को उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वह अपनी जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं।
