अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर से कांग्रेस के उम्मीदवार विधायक जगत सिंह नेगी रविवार को दिल्ली से अपनी टिकट कंफर्म करवा कर अपने विधानसभा क्षेत्र किन्नौर वापिस पहुंचे। यहां पहुंचने पर रिकोंगपिओ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। उनको टिकट मिलने की खुशी में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की ओर अपने नेता को टिकट मिलने की खुशी जाहिर की। वर्तमान विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के पश्चात पहली बार जब अपने विधानसभा क्षेत्र जिला किन्नौर आए तो लोगों के अपना समर्थन भव्य स्वागत कर दिखाया।
जिला किन्नौर मुख्यालय रिकांगपिओ में कई दर्जन कार्यकर्ताओं और आमजन ने फूल मालाओं के साथ उनका स्वागत किया और अपना समर्थन व्यक्त किया। जगत सिंह नेगी ने जिला किन्नौर के आमजन और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि यह आप सभी का प्यार और आशीर्वाद है जिस कारण मुझे फिर एक बार शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस का प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व सोनिया गांधी,प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह, कांग्रेस प्रदेश प्रचार समिति अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री का भी धन्यवाद किया।
