कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): प्रदेश में बदलाव होना तय है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता बेहद तंग है। जनता में भाजपा के खिलाफ भारी आक्रोश है। इसलिए अब प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और बदलाव का माहौल है। यह बात मनाली से कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ ने कही। वे यहां दिल्ली से टिकट लेकर पहुंचे और मनाली के प्रवेश द्वार गेमन पुल पर सेंकडों कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मनाली में शिक्षा मंत्री ने कोई भी विकास नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि अधूरे भवनों के उदघाटन किए गए हैं और हवा में कई शिलान्यास आचार संहिता से पहले कर डाले हैं। उन्होंने कहा कि जनता का शिक्षा मंत्री से मोह भंग हो चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट है और मनाली भारी मतों से कांग्रेस जीतेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही सबसे पहले ओपीएस लागू करेगी और हम प्रश्न पूछना चाहते हैं कि आखिर भाजपा यह काम क्यों नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि आज महंगाई चरम सीमा पर है। तेल 250 रुपए हो गया है। गैस सिलेंडर के दाम तीन से चार गुणा हो गए हैं। कांग्रेस महंगाई से निपटने के लिए हर महिला को 1500 रुपए प्रतिमाह देगी।
बेरोजगारों के लिए नई-नई योजनाएं व बजट का प्रावधान करेगी। उन्होंने कहा कि हर उपभोक्ता को 300 विधुत यूनिट फ्री दी जाएगी और 5 लाख युवाओं को सरकारी रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आम जनता की सरकार है और किसान-बागवानों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा से आज हर वर्ग के लोग परेशान है। कर्मचारी, किसान-बागवान सब हताश है। भाजपा ने आज रोटी-दाल तक टैक्स लगा दिया है। यह सरकार अम्बानी-अडानी की सरकार रही है और उनको फायदा देने के लिए हर काम करती है। उन्होंने कहा कि जनता आज भाजपा की करनी व कथनी से वाकिफ हो चुकी है और बदलाव तय है।
