मंडी/परी शर्मा: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्टार कैम्पेनर कप्तान अजय यादव ने आम आदमी पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दिया है। उन्होंने कहा कि इनका काम वोट काटने का है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में अजय यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर तंज कसे। उन्होंने ईडी, सीबीआई और संवैधानिक संस्थाओं को दुरूपयोग करने के आरोप भी केंद्र सरकार पर लगाए। उन्होंने हिमाचल और गुजरात में हो रहे विधानसभा चुनाव पर कहा कि एक तरफ तो भाजपा के नेता कहते हैं लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होने चाहिए लेकिन इनकी करनी और कथनी में बहुत अंतर है। इतना ही नहीं अजय यादव ने भाजपा सरकार पर एयरपोर्ट, बैंक, एलआईसी के नीजिकरण करने के आरोप लगाए।
अग्निपथ योजना को बताया तुगलकी फरमान
कप्तान अजय यादव ने अगिनपथ योजना को तुगलकी फरमान बताया और कहा कि फौज को ठेके पर दे दिया गया है। इस पर ना संसद में कोई चर्चा हुई ना अन्य प्रक्रिया। उन्होंने कहा कि इस समय फौज की तादत बढ़नी चाहिए जबकि ये फौज को 16 लाख से 6 लाख करना चाहते है। रूस द्वारा भी चार साल वाले जवान ठेके पर लिए थे और यूक्रेन ने रूस की धज्जियां उड़ा दी।
भारत जोड़ों यात्रा पर हर वर्ग के लोग जुड़ रहे
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्टार कैम्पेनर कप्तान अजय यादव ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और नीजिकरण के खिलाफ कांग्रेस जमीनी लड़ाई लड़ रही है। राहुल गांधी भारत जोड़ों यात्रा पर है और इस में हर वर्ग के लोग जुड़ रहे हैं। एक दिन में राहुल गांधी 30 से 35 किलोमीटर पैदल चलकर लोगों से मिल रहे है। भाजपा सरकार ने आटा-चावल, दूध-दही पर जीएसटी लगा दिया है और लोग नहीं चाहेगें कि ऐसी सरकार फिर सता में आए।
