नूरपुर (संजीव महाजन): चामुंडा मंदिर से शुरू की गई कांग्रेस की रोजगार संघर्ष यात्रा शनिवार को नूरपुर पहुंची। संघर्ष यात्रा के नूरपुर पहुंचने पर भव्य स्वागत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से रघुवीर सिंह बाली का किया गया। नूरपुर में इस संघर्ष यात्रा में रघुवीर सिंह बाली और नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन शामिल हुए। उनके साथ ही सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जनसैलाब नूरपुर में भी इस रोजगार संघर्ष यात्रा में उमड़ा।
संघर्ष यात्रा के दौरान पत्रकारों से मुखातिब होते हुए रघुवीर सिंह बाली ने कहा कि बेरोजगारों के साथ खड़ा होने के लिए रोजगार संघर्ष यात्रा एक मिशन के तौर पर निकाली गई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लाखों नौजवान बेरोजगार है, लेकिन भाजपा की सरकार इन्हें रोजगार देने की बजाए इनका शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय जीएस बाली के नेतृत्व में इस यात्रा शुरू की गई थी और कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में लाखों युवाओं को रोजगार दिया था। इसके साथ ही पूर्व की कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारी भत्ता भी शुरू किया था, जिससे हजारों युवाओं को फायदा हुआ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आते ही 5 लाख युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। स्टार्टअप के लिए बिना ब्याज के लोन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त भी कांग्रेस कई योजनाएं लेकर आ रही है जो प्रदेश हित में होंगी। वहीं पूर्व विधायक अजय महाजन ने कहा कि बरोजगार संघर्ष यात्रा युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए निकाली गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी यह यात्रा निकाली जाती थी क्योंकि भाजपा सरकार के हर कार्यकाल में युवाओं को धोखा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 8 लाख युवा बेरोजगार है,लेकिन सरकार इस समस्या की और कोई ध्यान नहीं दे रही।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की जनता महंगाई की मार से परेशान है ऐसे में युवा वर्ग पर दोहरी मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से युवाओं को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है साथ ही उनकी जो समस्याएं हैं उन्हें भी सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही 5 लाख युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। बता दें कि चामुंडा मंदिर से शुरू हुई यह रोजगार संघर्ष यात्रा कांगड़ा जिला के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर चंबा तक जाएगी ओर उसके बाद वापिस नगरोटा बगंवा तक जाएगी।
