नीरज डोगरा,शिमला: शिमला नगर निगम चुनावों में अपने प्रत्याशियों की जीत को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही चुनावी प्रचार प्रसार में अपनी पूरी जी जान लगा रहे हैं। वहीं चुनावों में कांग्रेस के लिए छोटा शिमला वार्ड भी काफी खास बन गया हैं। इसके पीछे की वजह यह भी है कि यह वार्ड मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू का वार्ड है और इस वार्ड से दो बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पार्षद रह चुके हैं। ऐसे में सबकी नजरें इस वार्ड पर लगी हुई हैं। कांग्रेस ने यहां से पूर्व पार्षद सुरेंद्र चौहान को चुनावी मैदान में उतारा है और वह प्रचार में जुटे हुए हैं।
सुरेंद्र चौहान ने कहा कि लोगों का भारी समर्थन उन्हें मिल रहा हैं। पूरे शिमला में पार्किंग,ट्रैफिक और एंबुलेंस सड़क की बहुत बड़ी समस्या हैं। उन्होंने कहा कि नशा शिमला में बहुत तेजी से फैल रहा हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक शिमला में 70 फीसदी युवा नशे की चपेट में आ रहा है जो कि एक चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि नशे को लेकर स्थानीय एनजीओ के माध्यम से और विधानसभा के माध्यम से मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया गया हैं और मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह नशे को लेकर कड़े कानून लाएंगे ताकि युवा पीढ़ी को नशे से बचाया जा सके।
वहीं उन्होंने स्मार्ट सिटी को लेकर कहा कि शहर में बड़े बड़े लोहे के स्ट्रक्चर खड़े कर दिए गए हैं, जिसका कोई विजन नहीं था। सिर्फ जनता के पैसे को बर्बाद किया गया हैं। पहाड़ों पर गमले फैंके गए है इससे शिमला की सुंदरता को खराब करने की कोशिश की गई हैं।
