संजु चौधरी, शिमला: कांग्रेस सरकार चुनावों के समय जनता को दी गई अपनी 10 गारंटीओं में से तीसरी गारंटी को भी जून माह से पूरी करने जा रहा हैं। कांग्रेस की ओर से जून माह से महिलाओं के खाते में 15 सौ रुपए डाले जायेंगे। शनिवार को कैबिनेट की उप समिति की बैठक हुई जिसमें महिलाओं को 1500 रुपए मासिक पेंशन देने का खाका तैयार किया गया।
बैठक के बाद सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि नारी सम्मान योजना के तहत 10,53,021 महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी विकास खंड कार्यालयों से डाटा एकत्रित किया गया और पात्र महिलाओं की पहचान की गई।
इस योजना के तहत लाभार्थियों को लाभ देने के चलते प्रदेश सरकार पर 1,895 करोड़ रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा। नारी सम्मान योजना का एजेंडा पहले कैबिनेट में लाया जाएगा और उसके बाद बजट सत्र में इसे पास किया जाएगा जिसके बाद महिलाओं को यह राशि दी जाएगी। धनीराम शांडिल ने कहा कि 31 मार्च से पहले बजट पेश कर दिया जाएगा। अप्रैल में आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन प्राप्त करने और उनकी जांच करने में करीब 45 दिन का समय लगेगा।
उन्होंने बताया कि जून के पहले सप्ताह तक लाभार्थियों को पैसा दिया जाएगा। यह राशि चरणबद्ध तरीके से दी जाएगी। बीपीएल परिवार में यदि कोई महिला और दो बेटियां हैं तो ऐसे मामले चिंहित किए जांएगे।
