मंजूर पठान, चंबा: चंबा जिला के डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के सलूणी में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान जहां उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया तो वहीं कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा विकास की राह पर आगे बढ़ने का काम किया है। कोरोना वायरस अमेरिका और यूरोप में खत्म नहीं हुआ है। जहां अमेरिका के राष्ट्रपति मास्क पहनकर भाषण देते हैं और मास्क लगाकर लोगों से मिलते हैं,लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने 9 महीने में कोरोना वायरस की दो- दो डोज यानी 219 करोड़ डोज लोगों को लगाने का काम किया और सभी लोग सुरक्षित हैं।
जेपी नड्डा ने कहा कि मोबाइल बनाने की क्षमता में भारत दूसरे ओर स्टील क्षेत्र में भी भारत दूसरा देश है। इसके अलावा जो मोबाइल में चिप बनती है उसे पहले खरीदना पड़ता था लेकिन अब भारत खुद बनाता है और विदेशों को देता है। नड्डा ने कहा कि मोदी जी को मोदी भारत की जनता ने बनाया है। उन्होंने कहा कि पहले देश के प्रधानमंत्री 1 रुपया भेजते थे तो उसमें पैसे गायब हो जाते थे लेकिन अब दावे के साथ कह सकते हैं कि मोदी राज में 25 लाख़ करोड़ रुपए लोगों के खाते में सीधे डाले गए जहां एक रुपए की हेराफेरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अभी नरेंद्र मोदी हिमाचल आए थे उन्होंने शिमला से 11 करोड़ किसानों के खाते में दो दो हजार की राशि भेजी थी।
जेपी नड्डा ने इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस पार्टी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ओर उनके बेटे हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा सिंह और उनके बेटे जमानत पर है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी देश को लूटने का काम करती है।
