राहुल चावला, धर्मशाला: दोनों प्रदेश भाजपा के साथ हैं और दोनों ही प्रदेश भाजपा के साथ आगे बढ़ेंगे। हिमाचल और गुजरात दोनों जगह भाजपा की ही सरकार बनेगी। यह दावा प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शाहपुर विधानसभा के कल्याडा में एक जनसभा को संबोधित करने के बाद पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और भाजपा का कैंपेन जोर शोर से चल रहा है। इस दौरान उन्होंने नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के हिमाचल में कांग्रेस की सुनामी को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए नेता विपक्ष को अपना ख्याल रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कांग्रेस की परिस्थिति है उसके बारे में वो अधिक कहना नहीं चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस की जमीन नीचे से खिसक चुकी है और कांग्रेस का तंबू उखड़ जाएगा। प्रियंका गांधी के कांगड़ा दौरे को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रियंका गांधी के आने से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है, उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता है। सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्टूबर को सुंदरनगर और सोलन में जनसभा को संबोधित करेंगे। उसके बाद 9 अक्टूबर को कांगड़ा और सुजानपुर में कार्यक्रम निर्धारित हुआ है।
भाजपा प्रत्याशी कैबिनेट मंत्री सरवीण चौधरी के पक्ष में शाहपुर विधानसभा के कलयाडा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले पांच वर्ष विकास की दृष्टि से अभूतपूर्व रहे है। उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज कांग्रेस की हालत दयनीय हो चुकी है। सीएम ने कहा कि चुनाव का यह दौर ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है जहा कांग्रेस पार्टी आज के इस दौर में देख रही है कि थोड़ी सी गुंजाइश निकल आए, जहां वह भी थोड़ा आराम और चैन की सांस ले। उन्होंने कहा कि पूरे देश में एक कोने से लेकर दूसरे कोने तक, जहां जिस राज्य में चुनाव होता जा रहा है कांग्रेस पार्टी वहां पर सिमटती जा रही है। उन्होंने कहा कि जो पार्टी आजाद भारत में सबसे ज्यादा समय तक सत्ता में रही आज उसकी हालत यह हो चुकी है कि जिंदगी का उनका सबसे खराब दौर चल रहा है।
सीएम ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल और गुजरात में चुनाव हो रहा है, लेकिन कांग्रेस के नेता भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं जबकि आमतौर पर यह होता है कि जिस प्रदेश में चुनाव होता है तो नेता सारा काम छोड़कर चुनाव के प्रचार में लग जाता है। उन्होंने कहा कि अब यह मालूम नहीं कि कांग्रेस के नेताओं ने यह तय कर दिया कि इस वक्त यात्रा पर भेज दो, ताकि वह हिमाचल ना आ सके, क्योंकि उन्हें मालूम है कि राहुल गांधी हिमाचल आएंगे तो कांग्रेस की स्थिति अच्छी नहीं होगी बल्कि और खराब स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में क्या जोड़ना चाहते हैं यह सबसे बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि अगर भारत जोड़ने की बात कांग्रेस उस वक्त करती जब जम्मू कश्मीर में धारा 370 थी ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को इसलिए वोट देना चाहिए, ताकि धारा 370 हटाने वाले नेतृत्व के हाथों को और मजबूत किया जा सके। सीएम ने कहा कि कांग्रेस सरकार में हिमाचल को 40 प्रतिशत शेयर देना पड़ता था,जबकि आज हिमाचल को 90 प्रतिशत शेयर विकास के लिए मिल रहा है,जबकि हिमाचल केवल 10 प्रतिशत शेयर दे रहा है। सीएम ने कहा कि जब सारे देश में रिवाज बदल रहा है तो हिमाचल में रिवाज क्यों नहीं बदलेगा। हिमाचल मन बना चुका है कि उसे मोदी जी के साथ चलना है। जयराम ठाकुर ने लोगों से अपील की कि अबकी जीत ऐतिहासिक होनी चाहिए।
