संजीव महाजन,नूरपुर: कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है जिसको डूबता देखकर उसमें सवार कांग्रेसी उसे छोड़कर भाग रहे है। यह बात आज ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भाजपा महिला मोर्चा के सम्मेलन में राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कही। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की ओर से पार्टी छोड़ने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का देश-प्रदेश से अस्तित्व खत्म हो रहा है ओर यही वजह है कि इस पार्टी के नेता भी अब इस पार्टी के भविष्य को देखते हुए इसे अलविदा कह रहें हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक देश में राज करने के बाद भी कांग्रेस विकास करवाने में नाकाम रही। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में कोई भी लीडर विधायक नहीं बनना चाह रहा है। हर लीडर अपने आपको मुख्यमंत्री मान रहा है ओर प्रदेश में कांग्रेस सीएम-सीएम का खेल खेल रही है। राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार ने अथाह विकास करवाया है ओर उस विकास के बलबूते ही भाजपा इस बार रिवाज बदलेगी। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि भाजपा की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए एक जुट हो जाएं। घर-घर जाकर भाजपा की नीतियों से जनता को अवगत करवाएं।
इससे पहले ज्वाली पहुंचने पर राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का विधायक अर्जुन सिंह के नेतृत्व में भाजपा की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। राष्ट्रीय भाजपा लघु बचत सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष संजय गुलेरिया द्वारा भी राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। बता दें कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से प्रदेश भर में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे है। इन सम्मेलनों में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से महिलाओं को एक जुट कर आगामी विधानसभा चुनावों के लिए महिला वोटर पर फोकस किया जा रहा है।
