राकेश, ऊना: प्रदेश में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वसे राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग भी लगातार तेज होती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस लगातार एक दूसरे पर बयान बजी करते हुए नजर आ रहे हैं। शनिवार को जहां ऊना जिला में ऊना सदर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी प्रचार करने के लिए आए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महिलाओं के सत्कार के खोखले दावे किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने पीएम मोदी की ओर से अपनी पत्नी का सत्कार नहीं किए जाने की टिप्पणी की थी।
अब उसी के जवाब ने भारतीय जनता पार्टी की तरफ से ऊना सदर से पार्टी प्रत्याशी सतपाल सत्ती ने कांग्रेस के बाहरी नेताओं का हिमाचल में स्वागत करने की बात कही, लेकिन साथ ही उन्हें मर्यादा में रहकर राजनीतिक टिकाटिप्पणी किए जाने की नसीहत भी दी। सती ने राजा वडिंग की बात के जवाब में नैना तंदूर कांड की याद दिलाते हुए कांग्रेस को तंदूर में महिलाओं को जलाने वाली पार्टी बताया।
सतपाल सत्ती ने इस दौरान कांग्रेस की ओर से जारी घोषणा पत्र को झूठ के प्रचार का पुलिंदा बताया। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की ओरसे 5 लाख नौकरियों के वादे पर पलटवार करते हुए प्रदेश में मौजूदा समय में भी दो लाख के आसपास कर्मचारियों के होने का दावा किया और ऐसे में पांच लाख नौकरियों के कांग्रेस के दावे को तथ्य हीन और आधारहीन बताया।
