अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग को भंग कर दिया गया हैं। आयोग को भंग करने के बाद से भाजपा की ओर से सरकार के फ़ैसले पर सवाल उठाए जा रहे हैं। भाजपा की ओर से उठाए जा रहे सवाल पर पलटवार कांग्रेस नेता व हमीरपुर सदर से कांग्रेस प्रत्याशी रहे डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने किया हैं। उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि आज जो हमीरपुर सिलेक्शन बोर्ड के भंग होने पर भाजपाई नेता इतना हो हल्ला मचा रहे हैं, वह तब कहां थे जब यहां पर 5 साल तक हमारे नौजवान बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा हो रहा था और पैसे लेकर पेपर बेचे जा रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बिल्कुल सही निर्णय लिया हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोग को भंग किया गया हैं ना कि इसको हमीरपुर से स्थानांतरित किया हैं इसलिए उन्होंने भाजपा नेताओं को यह भी नसीहत दी हैं कि वह इस तरह की भ्रांतियां ना फैलाएं की आयोग अब यहां से स्थानांतरित हो गया हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर चयन आयोग की बिल्डिंग यहीं पर है और यहीं से कार्यालय भी चलेगा।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के उस बयान पर भी तंज कसते हुए कहा हैं जिसमें नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा था कि चेयरमैन और मेंबरों को हटाने के लिए सरकार ने आयोग को भंग किया गया। डॉ. पुष्पेंद्र ने कहा कि ऐसे चेयरमैन और मेंबर्स का क्या फायदा जिनकी नाक के नीचे भ्रष्टाचार हो रहा हो और उनको कानो कान कोई खबर ना हो। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने 2 महीने के कार्यकाल में ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और बीजेपी की सरकार के समय जो भ्रष्टाचार फैला हुआ था उसको रोकने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
