नाहन : देवेन्द्र कुमार- प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेले के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र को 4 सेक्टर में बांटने का फैसला लिया गया है।
सेक्टर अधिकारी के साथ-4 डीएसपी किए जाएंगे तैनात
डीसी सिरमौर रामकुमार गौतम ने बताया कि महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में 22 मार्च से 6 अप्रैल तक चलने वाले 16 दिवसीय मेले के लिए तैयारियां शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार कर ली गई है। मेला क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से चार सेक्टर में बांटा जाएगा। सभी सेक्टर में सेक्टर अधिकारी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा सुरक्षा की दृष्टि से 4 डीएसपी भी तैनात किए जाएंगे, जो कानून व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
300 जवान संभालेंगे ट्रैफिक और सुरक्षा का जिम्मा
मेले के दौरान ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 300 जवान तैनात किए जाएंगे। जिसमें से 150 जवान पुलिस के जबकि 150 जवान होमगार्ड के शामिल है। इसके अलावा एनसीसी और स्काउट्स एंड गाइड के वालंटियर का भी सहयोग लिया जाएगा। मेला क्षेत्र में तीसरी आंख की भी नजर रहेगी। निगरानी के लिए मेला क्षेत्र में 100 सीसीटीवी
कैमरे भी इंस्टॉल किए जाएंगे। आपदा से निपटने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन बल की आधी टुकड़ी भी यहां तैनात करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डीसी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए 6 अलग-अलग स्थानों पर भंडारे लगाए जाएंगे । साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए भी यहां 90 सफाई कर्मियों को भी तैनात किया जाएगा।
