संजु चौधरी, शिमला: मोदी सरनेम आपराधिक मानहानि मामले में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को सूरत जिला कोर्ट की ओर से 2 साल की सजा सुनाए जाने के बाद देशभर में कांग्रेस इस फ़ैसले के विरोध में उतर आई हैं। कांग्रेस की ओर से देश भर में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल में भी जगह-जगह कांग्रेस इसके खिलाफ़ प्रदर्शन कर रही हैं। वहीं राजधानी शिमला में भी राहुल गांधी का समर्थन करते हुए और सूरत जिला कोर्ट के फैसले के विरोध में कांग्रेस ने विधानसभा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
विधानसभा के बाहर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित सभी कांग्रेस विधायकों ने काली पट्टियां बांधकर इस फ़ैसले का विरोध जताया और प्रदर्शन किया। वहीं उन्होंने भाजपा पर राहुल गांधी को बदनाम करने के आरोप भी लगाए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राहुल गांधी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही हैं और लोगों के बीच यह पेश किया जा रहा है कि उन्होंने कोई गलत बयान दिया हैं,जबकि रैलियों में अक्सर नेता एक दूसरे के खिलाफ भाषण के माध्यम से आरोप-प्रत्यारोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से बदनाम करने की मंशा से किसी के खिलाफ मामला बनाना सही नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल राहुल गांधी के साथ खड़ा हैं। आज जनता की यदि कोई नेता आवाज उठा रहा है तो वह राहुल गांधी हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए और लोकतंत्र को जिंदा रखने के लिए उन्होंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल यात्रा की। उनके परिवार से दोनों प्रधानमंत्री बने और दोनों ही प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा राजनीतिक रोटियां सेकने के आरोप लगाकर और निर्दोष को दोषी ठहराने की कोशिश कर रही हैं जिसके खिलाफ कांग्रेस ने आज यहां प्रदर्शन किया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल राहुल गांधी के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा हैं।
