संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया गया है जारी की गई घोषणा पत्र को कांग्रेस की ओर से कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र 2022 का नाम दिया गया है वहीं इसके लिए एक टैग लाइन “हिमाचल हिमाचलियत ओर हम” दी गई है।
कांग्रेस की ओर से अपना घोषणा पत्र जारी करने से पहले ही प्रदेश की जनता को 10 गारंटियां दी गई है जिन्हें अपने चुनावी घोषणा पत्र में भी कांग्रेस ने शामिल किया है। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी ने ओपीएस यानी ओल्ड पेंशन बहाल करने के साथ ही 1 लाख लोगों को पहली ही कैबिनेट में नौकरी देने का ऐलान किया है। इसके अलावा 300 यूनिट मुफ्त बिजली, नई पर्यटन नीति , कृषि बागवानी आयोग, नई वन एवं पर्यावरण नीति और स्पेशल फूड पार्क सहित कई बडे़ ऐलान अपने चुनावी घोषणा पत्र में कांग्रेस की ओर से किए गए हैं
कांग्रेस के घोषणा पत्र को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष धनीराम शांडिल ने जारी किया। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जो वादे करती हैं उन्हें पुरा भी करती है। हिमाचल प्रदेश के लोगों को मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से राहत देने के लिए पार्टी ने प्रतिज्ञा पत्र जारी किया है जिसे सरकार बनते ही लागू भी किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी भाजपा की तरह जुमलेबाजी नहीं करती है। पर्यटन, कृषि, बागवानी, वन एवं पर्यावरण क्षेत्र में सुधार कर प्रदेश को आर्थिक रुप से सुदृढ़ किए जाने की बात कांग्रेस ने कही है।
वहीं पुरानी पेंशन बहाली को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस शासित राज्य ने इसे लागू कर दिया है । भाजपा इसको लेकर गुमराह करने की कोशिश कर रही है । छत्तीसगढ़ सरकार के कर्मचारियों का 17000 करोड़ रुपए केंद्र के पास है जिसे देने से केंद्र सरकार ने मना कर दिया है लेकिन कारण नहीं बताए हैं कि क्यों इस पैसे को वापस नहीं लौटाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार इसको लेकर केंद्र सरकार से पत्राचार करेगा और कानूनी सलाह भी ली जा रही है। यह पैसा छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों का अधिकार है जिसे केंद्र सरकार से वापिस लिया जाएगा।
