शिमला: चन्द्रिका (TSN)- प्रदेश बीजेपी के विधायकों के निष्कासन को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आलोकतांत्रिक करार दिया हैं. शिमला मॉल रोड पर वीरवार को नेता प्रतिपक्ष अपने विधायकों के साथ चहलक़दमी करते नज़र आए. इस दौरान वे पत्रकारों से भी रूबरू हुए.उन्होंने कहा कि अगर हमारे विधायकों को सदन से आलोकतांत्रिक तरीक़े से निष्कासित नहीं किया जाता तो यह सरकार कल सदन में भी गिर गई थी। कट-मोशन पर यदि हमारे मत विभाजन की माँग को भी स्वीकार किया जाता तो यह सरकार परसों ही गिर गई थी। पत्रकारों के सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार अल्पमत में हैं और इस तरह से सरकार को कब तक बचाया जा सकता है।
कांग्रेस अपने गिरेबान में झांके..कैसे 43 की संख्या घूमकर 34 हो गई
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधायक, मंत्री और पार्टी अध्यक्ष स्वयं कह रही हैं कि हमारी सुनवाई नहीं हो रही है। एक बार नहीं यह बार-बार यह कहा जा रहा है। जब किसी की सुनी ही नहीं जाएगी तो वह कुछ न कुछ करेगा ही। उन्होंने कहा कि सरकार समेत कांग्रेस के नेताओं को हम पर उंगली उठाने की बजाय अपने गिरेबान में झांककर देखने की आवश्यकता है। उन्होंने ऐसा क्या कर दिया कि उनके 43 की संख्या घूमकर आज 34 हो गई है। जो आगे कहाँ तक गिरेगी वह भगवान जानें। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस समय जो हो रहा है उसमें हमारा कोई योगदान नहीं है। हमें कुछ करने की आवश्यकता ही नहीं हैं। सरकार की अपने नेताओं और प्रदेश की जनता के साथ जो रवैया है वह आने वाले समय उनके साथ कुछ नहीं रहेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस हमने बस कांग्रेस के झूठे वादे और गारंटियों को जनता के बीच लेकर गये। जिसकी वजह से सरकार के सारे झूठ बेनक़ाब हो गये और मुख्यमंत्री लोकप्रिय होने की बजाय लॉकप्रिय के नाम से मशहूर हो गए।
