अरविंदर सिंह, हमीरपुर: जिला हमीरपुर के 5 विधानसभा सीटों में से 4 सीटों पर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। इस जीत का जश्न आज हमीरपुर गांधी चौक पर कांग्रेस की ओर से मनाया गया। कांग्रेस ने यहां गांधी चौक पर पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांट कर कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत का जश्न मनाया। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनीता वर्मा भी इस जश्न में शामिल रही। उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला में भाजपा का पूरी तरह से पत्ता साफ हो गया है। लोगों ने धन बल को नकार कर लोकतंत्र में विश्वास जताते हुए कांग्रेस की जीत पक्की की है।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर की जनता ने कांग्रेस पार्टी के प्रति विश्वास जताते हुए यहां चार सीटें पार्टी की झोली में डाली है। अनीता वर्मा ने कहा कि हमीरपुर में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अगर हमीरपुर में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को समय रहते टिकट दिया जाता तो एक और सीट यहां से जीतकर कांग्रेस की झोली में डाल दी जाती। उन्होंने कहा कि धनबल के दम पर लोकतंत्र में ज्यादा दिन टिका नहीं जा सकता है। हिमाचल के विकास में कांग्रेस पार्टी का हमेशा से ही अहम योगदान रहा है।
पार्टी की नीतियों ने हमेशा लोगों के कल्याण के लिए काम किया है। उन्होंने पार्टी के सभी जीते हुए नवनिर्वाचित विधायकों को बधाई भी दी। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पटियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इस बार जीत दर्ज करके साबित कर दिया है कि लोगों की आज भी इस पार्टी के प्रति उतनी ही आस्था है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी जनता के कल्याण के लिए काम करना शुरू कर देगी और जो भी वायदे किए गए है उन्हें पूरा करने के लिए काम किया जाएगा।
