शिमला:महगांई, बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी भाजपा को घेर रही है। पहले जहां कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में प्रदर्शन किया तो वहीं अब इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस 12 अगस्त को विधानसभा का घेराव करने जा रही है। पार्टी के प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, सेना में अग्निवीर योजना, पुलिस भर्ती घोटाला, आवश्यक वस्तुओं पर जीएसटी और प्रदेश सरकार की विफलताओं के विरोध में विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
इस घेराव के लिए कांग्रेस पार्टी के सभी नेता और पदाधिकारी 12 अगस्त को सुबह 11 बजे अंबेडकर चौक, चौड़ा मैदान शिमला में एकत्र होंगें। यहां से सभी नेता,पदाधिकारी ओर कार्यकर्ता जलूस के रूप में प्रदेश अध्यक्षा के नेतृत्व में विधानसभा की ओर कूच करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह के निर्देश पर पार्टी के सभी पदाधिकारियों, विधायकों, पूर्व विधायकों, जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्षों सहित सभी अग्रणी संगठनों व विभागों के अध्यक्षों और सभी पदाधिकारियों को इस घेराव में शामिल होना अनिवार्य है।
