राकेश, ऊना: हिमाचल प्रदेश में चुनावी वर्ष में सियासत गर्माने लगी है। नेता एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे है। कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर अब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सत्तपाल सत्ती ने पलटवार किया है और कांग्रेस नेताओं को झूठा करार दिया है। सतपाल सत्ती कहा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के पास ना कोई नेता है और ना ही इनके पास नियत है। वह आज नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा में ढाई करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां उन्होंने जमकर निशाना कांग्रेस पर साधा है।
उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के लोग मंचों पर आपस में लड़ते हुए दिख रहे है। एक- दूसरे को थप्पड़ मार रहे है आपस में एक दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे है। इनकी लड़ाई के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे है। कांग्रेस के नेताओं को झूठ बोलकर अपनी राजनीति चलाने की आदत पड़ गई है। सब लोग आजकल झूठे वायदे कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की स्थित को सब जानते हैं ओर इससे पता चल रहा है कि इस बार होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और मिशन रिपीट करेगी।
सतपाल सत्ती ने जहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ किया इसके साथ ही उन्होंने 15 लाख रुपए की लागत से बनकर तैयार एक फिटनेस जिम का उद्घाटन भी किया और जिम में जाकर कुछ देर कसरत भी की। सतपाल सत्ती ने कहा कि इस जिम के खुलने से युवा पीढ़ी यहां आकर इस जिम का फायदा उठा सकेगी। युवा पीढ़ी का ध्यान नशे से दूर रहकर खेलों की ओर बढ़े इसके लिए यहां पर जिम का उद्घाटन किया है ताकि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर खेलों की तरफ अपना ध्यान लगा सके। इस कार्यक्रम में सतपाल सत्ती ने 60 वर्ष से अधिक लोगों को पेंशन के बधाई पत्र और 82 लोगों को एलपीजी के गैस कनेक्शन भी बांटे।
सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से विकास के कामों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में मैहतपुर बसदेहड़ा में एक पार्क का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से किया गया है। वहीं करोड़ो रुपए की लागत से एक बहुत बड़ा स्टेडियम बनकर तैयार हो गया हैं जिसका इस माह के अंत में खेल मंत्री से उद्घाटन भी करवा दिया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी खेलों की तरफ बढ़ सके ।
