बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता तेजस्वी शर्मा ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति बहुत खराब है। अमीर और अमीर हो रहे हैं और गरीब और गरीब हो रहे हैं। आम लोग आसमान छूती महंगाई और बेरोजग़ारी से परेशान हैं। किसान और मज़दूर कर्ज के बोझ तले दबे हुए हैं। 70 सालों में बनी हमारे देश की परिसंपत्तियां भारी नुकसान पर मोदी जी के अरबपति पूंजीपति मित्रों को बेची जा रही हैं।
इन विषयों को लेकर कांग्रेस 8 सितंबर से पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर रही है। इस यात्रा के माध्यम से भारत के सामने मौजूद गंभीर विषयों पर देशवासियों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। बुधवार को बिलासपुर में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए तेजस्वी शर्मा ने बताया कि जब से देश आजाद हुआ है, तब से देश को प्रगति की ओर ले जाने में कांग्रेस का बहुत बड़ा योगदान रहा है। लेकिन, पिछले आठ वर्षों से एक बार फिर से देश को तहस नहस करने का मसौदा तैयार हो गया है।
संविधान को तोडऩे का प्रयास किया जा रहा है और पूरे देश को धर्म व जाति के नाम पर बांटने की कोशिश की जा रही है। जिसके खिलाफ कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान कांग्रेस सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, अन्य राजनैतिक दलों और लाखों आम लोगों से संपर्क करेगी और देश की गंभीर चुनौतियों से निपटने के तरीकों पर संवाद शुरू करेगी। यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। जिसमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश व जम्मू-कश्मीर राज्य शामिल हैं।
