अरविंदर सिंह,हमीरपुर: राहुल गांधी की ओर से भारत जोड़ो यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर के लिए शुरू की गई है। यह यात्रा 150 दिनों तक चलेगी जिसमें लोगों को आपस ने जोड़ने का काम कांग्रेस की ओर से किया जाएगा। यह बात जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर के अध्यक्ष राजेन्द्र जार ने कही।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी ने वर्तमान में देश जिस विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है को देखते हुए भारत जोड़ो यात्रा का जो कन्याकुमारी से काश्मीर तक तय की जानी है का शुभारंभ करने का निर्णय लिया है। देश भर में की जाने वाली लगभग 3500 किलोमीटर की यह यात्रा 150 दिनों तक लगातार चलेगी। यह यात्रा देश के 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों क्रमशः तामिलनाडू, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू काश्मीर से होकर गुजरेगी। इस यात्रा के लिए ऐसे यात्रियों का चयन किया गया है जो पूरी यात्रा तय करेंगे। रास्ते में आने वालों के प्रदेशों से स्थानीय लोग इस जत्थे के साथ जुड़ते जाएंगे और उपस्थिति को बढ़ाते जाएंगे।
राजेंद्र जार ने कहा कि वर्तमान में जिन कारणों से इस देशव्यापी यात्रा की आवश्यकता पड़ी है। उसमें पिछले 8 सालों से सत्तासीन भाजपा सरकार के नेतृत्व में आज देश का इतिहास सबसे बड़ी विकट स्थिति से गुजर रहा है। जिस प्रकार से मोदी सरकार की ओर से बड़े पैमाने पर राजनैतिक द्वेष पैदाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। धार्मिक उन्माद पैदा कर जिस तरह देश में लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक ढांचे पर कुठाराघात कर कांग्रेस सरकारों की ओर से अर्जित देश की मूल्यवान संपत्तियों को अपने पूंजीपति मित्रों के हाथों नीलाम किया जा रहा है। पूरे देश को सदी के निम्नतर आर्थिक स्थिति पर पहुंचाना।
मंहगाई,बेरोजगारी व बेशुमार जनविरोधी नीतियों के कारण आमजन के जीवन के लिए भारी संकट पैदा करना। धर्म-जाति के नाम पर देश में अराजकता पैदा करवाना जो देश की आजादी,अखंडता व प्रभुसत्ता के लिए खतरा बना हुआ है और देश को तोड़ने में लगी है को भांपते हुए राहुल गांधी ने देश को टूटने से बचाने और देश एकता को फिर कायम करने हेतु देश की जनता से सीधा संवाद करने के लिए इस लंबी यात्रा को आयोजित करने का फ़ैसला लिया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा फिर से हर देशवासी को एक माला में पिरोने का बड़ा लक्ष्य पूरा करेगी। ऐसा हर कांग्रेसजन और आमजन का मत है।
