हमीरपुर: महगांई, बेरोजगारी ओर जीएसटी के मुद्दे को लेकर दिल्ली सहित प्रदेश भर में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया है। इसी कड़ी में हमीरपुर में भी कांग्रेस ने इन सभी मुद्दों को लेकर उग्र प्रदर्शन किया। हमीरपुर उपायुक्त कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता उपायुक्त कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम किया। सड़क पर बैठे कांग्रेस नेताओं को उठाने के लिए पुलिस ने प्रयास किया। तकरीबन आधा घंटा तक कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां चक्का जाम करके रखा जिसके बाद प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष इंद्र दत्त लखन पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र जार, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव बलविंदर सिंह बबलू, पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया सहित अन्य नेताओं को जबरदस्ती गाड़ी में बैठा कर पुलिस ने हिरासत में लिया।
इस दौरान दोनों ओर से जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी नेताओं के गिरफ्तारी के बाद भी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने लगभग 15 मिनट तक सड़क पर जोरदार प्रदर्शन किया जिसे कड़ी मशक्क़त के बाद पुलिस ने खुलवाया।
वहीं कांग्रेस प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष व विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है और खाद्य वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे है। आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है, लेकिन केंद्र ओर प्रदेश की सरकार महगांई को कम करने को लेकर कोई कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के अड़ियल रवैये के चलते कांग्रेस पार्टी आज सड़कों पर उतरी है और अगर सरकार महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार सहित केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के मुद्दों पर कोई उचित कदम नहीं उठाती है तो पार्टी के नेता आगे भी इस तरह के आंदोलन कर गिरफ्तारी देने से गुरेज नहीं करेगी।
गिरफ्तारी देने के बाद कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रेम कौशल ने कहा कि जब देश के मुद्दों बेरोजगारी, महगांई को लेकर सवाल किए जा रहे थे तो उन्हें ईडी की ओर से बुलाया जा रहा है। केंद्र सरकार की जनविरोधी फैसलों के खिलाफ देश भर में आज प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के रवैये के चलते हैं कांग्रेस पार्टी आज सड़कों पर उतर कर विरोध जता रही है और पार्टी कार्यकर्ता आगे भी इस तरह के आंदोलन करती रहेगी जब तक सरकार जाग नहीं जाती।
