अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनाव में चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी की ओर से जहां कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें की जा रही है तो वहीं पार्टी अपने मोर्चों और प्रकोष्ठों के सम्मेलन भी आयोजित करवा रही है। ऐसे में यह प्रकोष्ठ और मोर्चा विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत को सुनिश्चित बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को लेकर अपनी रणनीति इन सम्मेलनों के माध्यम से तैयार कर रहे है।
इस तरह का इस सम्मेलन हमीरपुर में भाजपा अनुसूचित जाति जनजाति मोर्चा ने आयोजित किया। मोर्चा का यह चौथा सम्मेलन था जिसमें राज्यसभा सांसद डॉक्टर सिकंदर कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश एससी एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने की । इस मौके पर विधायक नरेंद्र ठाकुर व भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऊषा विरला भी मौजूद रहे । सम्मेलन के दौरान मोर्चा ने आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में भाजपा सरकार को रिपीट करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया।
राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एससी मोर्चा का यह चौथा सम्मेलन हमीरपुर में आयोजित किया गया जिसमें एससी मोर्चा भाजपा के मिशन रिपीट में अपनी अहम भूमिका निभाने का फैसला लिया गया । उन्होंने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी मोर्चा भाजपा के चुनाव जीतने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
वहीं कांग्रेस की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग पर पलटवार करते हुए सिकंदर ने कहा कि कांग्रेस की हर अच्छे काम का विरोध करना एक आदत बन गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार को देखकर इस तरह की बयानबाजी कर रही है ।
वहीं आगामी विधानसभा चुनावों में एससी एसटी वर्ग के लिए टिकट के मुद्दे पर भाजपा एससी एसटी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष नितिन कुमार ने कहा कि पार्टी में टिकट की मांग का कोई रिवाज़ नही है । उन्होंने कहा कि मोर्चा को आगामी विधानसभा चुनावों में जो जिम्मेदारी मिलेगी उसको पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में भाजपा जीत की ओर अग्रसर है जिसमें एससी एसटी वर्ग अपनी भूमिका निभाएगा ।
वहीं विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि सम्मेलन में एकत्रित एससी एसटी वर्ग यह दिखाता है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई है, जिनका लाभ उन्हें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का काम हर मुद्दे पर उंगली उठाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में हारकर प्रदेश से भी विलुप्त हो जाएगी।
