अनिल कुमार, किन्नौर: एचआरटीसी रिकोंगपिओ डिपो के चालक परिचालक में चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। यह विवाद बढ़ता जा रहा है और अब मामला प्रबंधन तक भी पहुंच चुका है। बावजूद इसके भी चालक परिचालक आपस में एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है। मामले के तहत चालक संघ किन्नौर के अध्यक्ष चंद्रमोहन ने परिचालकों पर आरोप लगाते हुए कहा है कि परिचालकों ने प्रबंधन को यह कहा है कि जहां भी चालक खाना खाते हैं उसका बिल चुकाने के लिए परिचालक को कहा जाता है। चंद्र मोहन नेगी ने कहा है कि परिचालकों का यह आरोप सरासर झूठ है क्योंकि किसी भी चालक ने परिचालक को ऐसा करने को नहीं कहा है।
उन्होंने कहा कि अगर परिचालक चालकों पर लगाए गए आरोप को साबित नहीं करते है तो वह इस विषय पर मानहानि का दावा करेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि रिकांगपिओ डिपो के अड्डा इंचार्ज का कार्य एक परिचालक सुमन सिंह की ओर किया जा रहा है जो अपने मनमर्जी से ड्यूटी बांट रहा है जो सरासर ग़लत है। उन्होंने कहा कि सुमन सिंह के अलावा भी कई वरिष्ठ परिचालक है प्रबंधन उनसे भी यह काम करवा सकता है। उन्होंने प्रबंधन के समक्ष यह मांग उठाई है कि वरिष्ठ परिचालक को अड्डा इंचार्ज का कार्य सौंपा जाए जैसे कि ड्यूटी आवंटन में किसी तरह की मनमर्जी ना हो।
उन्होंने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि अगर प्रबंधन की ओर से हमारी जो मांगे है उस पर अमल नहीं किया गया तो वह 13 सितंबर के रात 12:00 बजे से 14 सितंबर के रात 12:00 बजे तक अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित रहेंगे,और प्रबंधन के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे।
