Shimla,2 May(TSN)- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने जातीय जनगणना के प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे कांग्रेस पार्टी के पुराने वादे की दिशा में बड़ा कदम बताया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से यह मांग उठा रहे थे और अब जब केंद्र सरकार इसके लिए तैयार हुई है, तो जल्द बजट जारी कर जनगणना की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।
जनता को दी जाए स्पष्ट जानकारी: चौहान
चौहान ने कहा कि देशवासियों को जल्द इस प्रक्रिया की रूपरेखा से अवगत कराया जाना चाहिए ताकि पारदर्शिता बनी रहे और सभी वर्गों का विश्वास कायम हो।
आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता पर जोर
हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले को लेकर चौहान ने कहा कि यह वक्त एकजुट रहने का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की हर राष्ट्रहितकारी कार्रवाई में साथ खड़ी रहेगी।
रणधीर शर्मा के बयान पर पलटवार
कांग्रेस में कथित अंदरूनी कलह को लेकर भाजपा नेता रणधीर शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए चौहान ने कहा कि रणधीर शर्मा को कांग्रेस की नहीं, अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा अपने उन नेताओं को नहीं संभाल पा रही जो कांग्रेस छोड़कर उसमें शामिल हुए हैं।
“भाजपा को आत्मचिंतन करने की जरूरत”
चौहान ने कहा कि भाजपा को यह विचार करना चाहिए कि वह प्रदेश के विकास और जनता के हित में क्या कर रही है, न कि दूसरों की राजनीति में हस्तक्षेप करना चाहिए।
