Dharamshala, Rahul-:कांग्रेस पार्टी ने धर्मशाला से “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान की शुरुआत की। जिला स्तरीय इस हस्ताक्षर अभियान में विधायक, पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एआईसीसी से नियुक्त पर्यवेक्षक शांतनु चौहान ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी एक सच्चे नायक की तरह देश के प्रजातंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष कर रहे हैं।
जिला स्तरीय हस्ताक्षर अभियान में शामिल हुए वरिष्ठ नेता और विधायक
शांतनु चौहान ने कहा कि राहुल गांधी को जब यह पता चला कि भारतीय जनता पार्टी वोटों की चोरी कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है, तो उन्होंने इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक जोरदार तरीके से उठाया।चौहान ने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने हम सभी को अपने-अपने राज्यों में जाकर “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि भाजपा बार-बार यह कहती रही कि लोकतंत्र को कांग्रेस से खतरा है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा खुद लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।राहुल गांधी ने देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह साबित किया है कि कांग्रेस ही लोकतंत्र की सच्ची रक्षक है।
शांतनु चौहान ने कहा कि देवभूमि हिमाचल के लोगों का संदेश पूरे देश में जाता है और यही कारण है कि इस अभियान की शुरुआत धर्मशाला से की गई है। उन्होंने कहा कि अब जिला स्तर के बाद यह अभियान विधानसभा स्तर तक ले जाया जाएगा, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके कि भाजपा किस तरह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
