Shimla, 5 October -शिमला में सीटू जिला कमेटी का दो दिवसीय सम्मेलन अग्रवाल धर्मशाला में संपन्न हुआ। सम्मेलन में 49 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया। कुलदीप डोगरा को अध्यक्ष, अमित कुमार को महासचिव और बालक राम को कोषाध्यक्ष चुना गया। अजय दुलटा, सुनील मेहता, वीरेंद्र लाल, दिनेश मेहता, शांति देवी, प्रताप चौहान उपाध्यक्ष और रमाकांत मिश्रा, विवेक कश्यप, कपिल नेगी सहित अन्य सदस्यों को सचिव पदों पर चयनित किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा और अन्य पदाधिकारियों ने मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों, चार लेबर कोड और ठेका मजदूरी के खिलाफ अपने संघर्ष को जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये, नियमित रोजगार, मनरेगा मजदूरों के लिए 200 दिन कार्य दिवस और श्रमिक कल्याण बोर्ड के लाभ सुनिश्चित करने की मांगों को दोहराया।सम्मेलन में यह भी कहा गया कि केंद्र सरकार की नवउदारवादी नीतियों से बेरोजगारी, महंगाई और असमानता बढ़ रही है। सीटू सभी मजदूर वर्गों के अधिकारों की रक्षा, ठेका और अस्थायी रोजगारों को नियमित करने, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण रोकने तथा श्रमिकों के लिए बेहतर सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आंदोलन जारी रखेगा।
