हमीरपुर, अरविन्द-:हमीरपुर जिला मुख्यालय के निकट डुग्घा क्षेत्र में बहुउद्देशीय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना बनाई गई है। इस परियोजना में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों के रहने के लिए क्वार्टर भी शामिल होंगे। जिला परिषद की ओर से इस कार्य के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
नगर निगम ने संबंधित पंचायत से एनओसी मिलने के बाद निर्माण के लिए नक्शा तैयार किया है। प्रस्तावित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का दौरा एडीसी हमीरपुर अभिषेक गर्ग ने किया और निर्माण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पंचायत विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।परियोजना के तहत कॉम्प्लेक्स की बेसमेंट में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि ऊपरी बेसमेंट में सामुदायिक हॉल का निर्माण होगा। ग्राउंड फ्लोर पर 11 दुकानें बनेंगी। कुल क्षेत्रफल लगभग 2500 वर्ग मीटर होगा। इसके साथ ही प्रशासनिक कर्मचारियों के लिए भी क्वार्टर बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें बेहतर और सुविधाजनक आवास उपलब्ध होगा।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि पूर्व में भूमि के कुछ हिस्सों पर अतिक्रमण हुआ था, जिसे अब हटा दिया गया है। यह सुनिश्चित किया गया है कि निर्माण कार्य निर्धारित 2500 वर्ग मीटर क्षेत्र में ही होगा। इस परियोजना से न केवल नगर निगम और पंचायत को नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय व्यवसायियों और नागरिकों को भी आधुनिक सुविधाओं वाला शॉपिंग हब मिलेगा।पंचायत और नगर निगम के सहयोग से यह बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आसपास के इलाकों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
Chandrika
