मंडी, धर्मवीर-:संस्कृति सदन मंडी में द्रंग छात्र कल्याण संघ का तीसरा वार्षिक समारोह बड़े उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर द्रंग क्षेत्र से जुड़े करीब 800 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी बहुआयामी प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में द्रंग और मंडी सदर क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
गौरतलब है कि द्रंग क्षेत्र के हजारों विद्यार्थी मंडी शहर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं। इन्हीं विद्यार्थियों ने आपसी सहयोग, एकजुटता और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से द्रंग छात्र कल्याण संघ का गठन किया है। संघ के माध्यम से विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक गतिविधियों में जुड़े रहते हैं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को भी आगे बढ़ा रहे हैं।इस भव्य समारोह में राजा सिंह मल्होत्रा, प्रदीप ठाकुर, योगेश वर्मा, तुलसी ठाकुर, टेक चंद ठाकुर, हितेश ठाकुर और चंदन ठाकुर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजा सिंह मल्होत्रा और तुलसी ठाकुर ने आयोजन के लिए संघ को बधाई दी और युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास बढ़ाने का मंच प्रदान करते हैं।
द्रंग छात्र कल्याण संघ की अध्यक्षा विपासु राणा ने बताया कि यह संघ का तीसरा वार्षिक समारोह है, जिसका उद्देश्य द्रंग क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को एक-दूसरे से साझा करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी साथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
