अनिल कुमार, किन्नौर: देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए आज मतदान किया है। जी हां मास्टर श्याम सरन नेगी ने अपना स्वास्थ्य ठीक ना होने की वजह से इस बार अपना वोट मतदान केंद्र में जाकर नहीं बल्कि घर पर ही दिया है। बीते कुछ दिनों से मास्टर श्याम सरन नेगी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उनके कान में दर्द रहता है और आंखों की रोशनी भी कम हुई है और शरीर में दर्द के चलते उन्हें चलने फिरने में भी दिक्क़ते आ रही है।
बावजूद इसके भी लोकतंत्र के इस महापर्व में उन्होंने अपने मत का प्रयोग बड़े ही उत्साह के साथ किया है। उनके स्वास्थ्य के मद्देनजर प्रशासन ने 12 नवंबर के बजाए आज फॉर्म 12D के माध्यम से बैलेट पेपर पर देश के प्रथम मतदान मास्टर श्याम सरन नेगी के मतदान की प्रक्रिया को पूरा करवाया है। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन,रिटर्निंग अधिकारी शशांक गुप्ता व अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और देश के प्रथम मतदाता का मतदान से जुड़ी सभी प्रक्रिया के दौरान रेड कारपेट पर भव्य स्वागत भी किया गया।
देश के प्रथम मतदाता 1951 के बाद पहली बार अपने घर से अपने मत क़ा प्रयोग किया और यह क्षण भी देशवासियों के लिए अहम रहा है कि ऐसी अवस्था में भी वे अपने मत के प्रयोग के लिए उत्साहित दिखे। देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी के मतदान की प्रक्रिया के दौरान उनकी पोती ने उनका साथ दिया है और इस विधानसभा चुनावों के मतदान प्रक्रिया को पूरा किया गया।
देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी ने कहा कि देश में अंग्रेजों व राजाओं के राज से आजादी मिली और आज लोकतंत्र के इस महापर्व में हर व्यक्ति को देश के विकास करने वाले व्यक्ति को चुनने की आजादी दी है और आज मैंने भी अपने मत का प्रयोग स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण घर पर ही किया है और लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी आबिद हुसैन सादिक ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए उन्हें घर पर ही मतदान करने के लिए प्रशासन उनके घरद्वार पर फॉर्म नंबर 12 D के माध्यम से बैलेट पेपर पर मत का प्रयोग करवाया है। देश के प्रथम मतदाता मास्टर श्याम सरन नेगी ने अपने मत की प्रक्रिया के दौरान अपना उत्साह दिखाया ।
