कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)- जिला कुल्लू की खराहल घाटी के तलायटी गांव में एक परिवार के द्वारा पति-पत्नी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। वहीं घायल दंपति ने इस बारे कुल्लू पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। घायल दंपती ने कुल्लू पुलिस से मांग रखी है की मारपीट करने वाले सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए। कुल्लू पुलिस की टीम ने भी मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुल्लू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खराहल घाटी के गांव तलायटी के रहने वाली रमा देवी ने बताया कि 30 सितंबर को वह अपने घर पर रोजमर्रा का काम कर रही थी और उसका पति कमरे में सोया हुआ था। ऐसे में जब वह अपने पशुओं को चारा देकर वापस लौट रही थी। तो रिश्ते में उसका जेठ लगने वाला समीर व उसके परिवार के सदस्य वहां आए और उसके साथ बिना कारण के गाली गलौज करने लगे। जब रमा देवी ने उन्हें गाली गलौज करने से रोकना चाहा तब समीर व उसकी पत्नी ने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान जब महिला रमा की आवाज सुनकर उसका पति बाहर आया। तो समीर उसकी पत्नी व उसके बच्चे भी डंडे लेकर आए और दोनों को पीटना शुरू कर दिया। जिसके चलते वह मौके पर बेहोश हो गए। ऐसे में स्थानीय लोगों के द्वारा उन्हें इलाज के लिए ढालपुर अस्पताल लाया गया। जहां पर अब डॉक्टर के द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। घायल महिला रमा देवी ने बताया कि इससे पहले भी उपरोक्त परिवार के सदस्य उनके साथ मारपीट कर चुके हैं और जान से मारने की धमकी भी देते रहते हैं। जिसके चलते उनका पूरा परिवार अपना सहमा हुआ है। घायल रमा देवी ने बताया कि इस मारपीट के चलते उसके पति व उसके सिर पर गंभीर चोटें आई है और हाथों की उंगलियां भी काफी क्षतिग्रस्त हुई है। ऐसे में महिला ने अब कुल्लू पुलिस से मांग रखी है कि जल्द से जल्द आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
कुल्लू पुलिस की टीम ने मामला किया दर्ज
वहीं एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि कुल्लू पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
