Bilaspur, Subhash-:कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) के पदाधिकारियों ने मंगलवार को देश में बढ़ रही सामाजिक कुरीतियों और असमानताओं को दूर करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। यह ज्ञापन पार्टी के राज्य सचिव भाग सिंह चौधरी के नेतृत्व में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार के माध्यम से प्रेषित किया गया।
भाग सिंह चौधरी ने कहा कि देश में सामाजिक अन्याय, जातिगत भेदभाव और अल्पसंख्यकों, दलितों तथा महिलाओं के साथ अत्याचार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जाति के आधार पर नफरत फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं, जिससे अल्पसंख्यक वर्ग असुरक्षित महसूस कर रहा है।उन्होंने यह भी कहा कि संवैधानिक संस्थाओं, विशेषकर चुनाव आयोग पर दबाव दिखाई देता है, जिससे लोकतंत्र के लिए खतरे की स्थिति बन रही है। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग को निर्भीक और निष्पक्ष रूप से काम करने दिया जाए तथा किसी भी प्रकार का राजनीतिक हस्तक्षेप बंद किया जाए।भाग सिंह ने कहा कि देश में महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच चुकी है, जिसके कारण युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं। सरकार की ओर से रोजगार सृजन पर ध्यान देने के बजाय मनरेगा का बजट भी कम कर दिया गया है, जिससे ग्रामीण जनता प्रभावित हो रही है।उन्होंने कहा कि सरकारें कर्मचारियों को व्यवस्था की रीढ़ बताती हैं, लेकिन ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) बंद करके कर्मचारियों के साथ अन्याय किया गया है। CPI ने मांग की कि आम जनता से जुड़ी इन समस्याओं के समाधान के लिए केंद्र सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाए।
“देश में सामाजिक अन्याय और जातिगत भेदभाव बढ़ता जा रहा है। संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव लोकतंत्र के लिए खतरा है। बेरोजगारी और महंगाई से जनता परेशान है, इसलिए सरकार को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।”
