Hamirpur, Arvind -:हमीरपुर में भाजपा किसान मोर्चा की ओर से जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संजीव डेशटा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा और जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसान मोर्चा के कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी समय में संगठन को कैसे सक्रिय किया जाए, इस पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश अध्यक्ष संजीव डेशटा ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर 10 किसान प्रहरी नियुक्त किए जाएं, ताकि किसानों से जुड़ी योजनाओं तथा केंद्र सरकार की नीतियों की सही जानकारी गांव-गांव तक पहुंच सके।उन्होंने कहा कि किसान प्रहरी न केवल केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का प्रचार करेंगे, बल्कि किसानों को लाभकारी कार्यक्रमों से जोड़ने का भी कार्य करेंगे। डेशटा ने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश के सभी जिलों में इसी प्रकार की बैठकों का आयोजन कर रहा है, ताकि संगठन की पकड़ बूथ स्तर तक और मजबूत हो सके।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार किसानों के हित में नई योजनाएँ लेकर आ रही है, जबकि प्रदेश सरकार द्वारा कुछ कल्याणकारी योजनाओं को बंद किए जाने से किसानों में निराशा है।उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा के पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि केंद्र सरकार की किसान कल्याण नीतियों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार हो तथा जनता तक सही जानकारी पहुंचे।बैठक के अंत में पदाधिकारियों को संगठनात्मक दायित्वों को और अधिक मजबूती से निभाने का आह्वान किया गया।
