विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: विधानसभा चुनाव के लिए जसवां प्रागपुर क्षेत्र से इस बार कांग्रेस,भाजपा के प्रत्याशियों के अलावा आजाद प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं। आजाद प्रत्याशी के यहां चुनावी मैदान में उतरने से यहां मुकाबला ना केवल कांग्रेस और भाजपा में हैं बल्कि दोनों राजनीतिक दलों के साथ ही आजाद प्रत्याशियों के बीच भी है। यही वजह है कि भाजपा और कांग्रेस को यहां अपनी सत्ता जाने का भी डर बना हुआ है। ऐसे में आजाद उम्मीदवार पर जसवां प्रागपुर में चुनावी माहौल खराब करने का आरोप भाजपा प्रत्याशी बिक्रम सिंह ठाकुर की ओर से लगाए गए हैं।
सोमवार को बिक्रम सिंह ठाकुर ने मोइन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। निजी होटल में आयोजित इस बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को हर वोटर तक पहुंचने ओर भाजपा को वोट डालने के लिए प्रेरित करने के लिए टिप बिक्रम ठाकुर ने दिए । इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजीव शर्मा,मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा,आईटी संयोजक राजेश पराशर आदि उपस्थित रहे।
वहीं इस बार के विधानसभा चुनाव में हुए बदलावों के बारे में बात करते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कुछ करोड़पति प्रत्याशी जसवां प्रागपुर से आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। वह हमारे विधानसभा चुनावों का माहौल पैसों के दम पर खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली के बारे में बताते हुए कहा की पिछले कल प्रागपुर में हुई रैली से जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का मनोबल बहुत ऊंचा हुआ है । कार्यकर्ता दिन-रात भाजपा को जिताने के लिए जी जान से जुटे हुए हैं।
