राकेश, ऊना: प्रदेश में आई आपदा से उभरने में सरकार को कुछ मदद मिल सके इसके लिए हिमाचल प्रदेश क्रशर उद्योग संघ ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 21 लाख रुपये देने का ऐलान किया हैं। शुक्रवार को ऊना जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डिंपल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सभी क्रशर इकाइयों ने आपदा की इस घड़ी में सरकार की सहायता को हाथ आगे बढ़ाने का फैसला किया हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में जितने भी क्रशर उद्योग स्थापित हैं उनके आसपास लैंडस्लाइड के चलते प्रभावित हो रही दो सड़कों को खोलने का जिम्मा भी उद्योग प्रबंधन की ओर से उठाया गया हैं जिसके लिए लोक निर्माण विभाग के साथ-साथ खनन विभाग के अधिकारियों के माध्यम से भी सूचना दी जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आपदा के बाद कई सड़कें अभी तक बहाल नहीं हो पाई हैं। लोक निर्माण विभाग इन सड़कों को पूरी तरह सुचारु करने के प्रयास सिरे नहीं चढ़ा पा रहा हैं, जिसके चलते क्रशर उद्योग भी काफी हद तक प्रभावित हुए हैं।
ऐसी स्थिति में संगठन ने सरकार की मदद करने के लिए राहत राशि के साथ-साथ उद्योग के साथ लगती 5 किलोमीटर क्षेत्र की दो सड़कों पर राहत और बचाव कार्य करने का ऐलान किया हैं ताकि उद्योग के साथ-साथ लोगों की आवाजाही को भी सुचारु किया जा सके।
