राहुल चावला, धर्मशाला: वर्ष 2014 में भारत में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद भारत ने नए आयाम स्थापित किए हैं। भारत को पहले गरीब देेश कहा जाता था, लेकिन अब देश ने गरीबी पर नियंत्रण पाया है। वर्तमान में भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन गया है। यह बात कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर ने शुक्रवार को धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही।
कपूर ने कहा कि पठानकोट मंडी और मटौर शिमला का काम जोरों पर चल रहा हैं। चंबा में नेशनल हाइवे का काम युद्ध स्तर पर चल रहा हैं। चंबा आकांशी जिला में आता है, लेकिन वर्तमान में चंबा विकासशील जिला में दूसरे स्थान पर पहुंच गया हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने सांसद निधि से 6.80 करोड़ कांगड़ा और 2 करोड़ रुपये जिला चंबा को दिए हैं।
उन्होंने बताया कि वह 23 दिन तक बीमारी के चलते एम्स में एडमिट थे, लेकिन इसके बावजूद वह फोन के माध्यम से हर अपडेट लेते रहते थे। कपूर ने कहा कि कांगड़ा में बरसात से हुए नुकसान को लेकर उनकी डीसी कांगड़ा से बातचीत होती रही हैं।
