संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अंतरराष्ट्रीय समर फेस्टिवल का आगाज हो चुका हैं। यहां जहां रात में एक तरफ सांस्कृतिक संध्याओं में पहाड़ी ओर बॉलीवुड से जुड़े कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करने के साथ ही उनका मन मोहित कर रहे हैं। वहीं दिन में शिमला के ऐतिहासिक मॉल रोड, रिज मैदान पर बाहरी राज्यों से आए कलाकार भी प्रस्तुतियां दे रहें हैं। इन कलाकारों की यह प्रस्तुतियां भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं और उन्हें खूब भा रही हैं। बाहरी राज्यों के कलाकारों की ओर से पारंपरिक भेषभूषा में नृत्य किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को राजधानी शिमला में ऐतिहासिक मॉल रोड पर राज्यस्थानी,हरियाणा और पंजाब से आए कलाकारों ने अपनी संस्कृति का प्रदर्शन किया, जिसमें राजस्थान का प्रसिद्ध चकरा नृत्य,पंजाब का भांगड़ा नृत्य इत्यादि प्रमुख रहे । इन कलाकारों के नृत्य को देख कर शिमला के मॉल रोड से गुजर रहे राहगीरों के कदम थम गए और उन्होंने कलाकारों की कला का आनंद लिया। बाहरी राज्यों से आए कलाकारों की यह प्रस्तुतियां शिमला आए पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। यहां कलाकारों के नृत्य को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही हैं।
आज नाटी किंग कुलदीप बचाएंगे धमाल
समर फेस्टिवल की दूसरे दिन नाटी किंग कुलदीप धमाल मचाएंगे। इसके अलावा स्थानीय एवं प्रदेश के अन्य जिलों के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में विधायक शिमला शहरी हरीश जनारथा मुख्य अतिथि होंगे और संध्या का मुख्य आकर्षण नाटी किंग कुलदीप शर्मा होंगे। अन्य कलाकारों में काका राम ठाकुर एवं गीता भारद्वाज भी शामिल प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा स्कूलों के छात्रों के कार्यक्रम भी यहां आयोजित किए जाएंगे।
