हमीरपुर (अरविंदर सिंह): कांग्रेस सेवा दल की ओर से समस्त प्रदेश में सद्भावना पैदा करने उद्देश्य से निकाली गई सद्भावना यात्रा आज हमीरपुर पहुंच गई है। इस यात्रा के हमीरपुर पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा ने भाजपा और आप पर हमला बोला है। भाजपा को जहां उन्होंने भ्रष्टाचार पर घेरा है तो वहीं आप का उन्होंने प्रदेश में कोई जनाधार ना होने की बात कही है। अनुराग शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा है और मुख्यमंत्री के संरक्षण में ही यह सब हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भाजपा से मोह भंग हो चुका है जिस का ट्रेलर में उपचुनावों में वह दिखा चुकी है। वहीं आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी का कोई जनाधार नहीं है और पार्टी हिमाचल में एक भी सीट नहीं जीत पाएगी।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी ओर जो शिक्षा का माॅडल केजरीवाल लाने की बात कर रहे है वह हिमाचल प्रदेश में ही कांग्रेस सरकारें लागु कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशाखोरी आतंकवाद और जिस तरह से एक चिकित्सक के साथ व्यवहार किया गया, इस तरह की बातों को हिमाचल के लोग स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने बताया कि सेवादल की यात्रा शिमला से शुरू होकर जनजातीय क्षेत्रों से होते हुए 10 जिलों में पहुंच चुकी है। यह यात्रा लोगों में आपसी भाईचारा पैदा करने का संदेश दे रही है। आगामी विधानसभा चुनावों में सेवादल के कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी बनाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सेवादल के लोगों की ओर से पूर्व में भी आवेदन कर जीत हासिल की है और पार्टी से इस बार भी सेवादल कोटे से टिकट मांगे गए है। उन्होंने कहा कि जो भी आलाकमान फैसला लेगी वह सब के लिए मान्य होगा। अनुराग शर्मा ने कहा कि 15 सितंबर तक यह सद्भावना यात्रा चलेगी और धर्मशाला में इसका समापन होगा। उन्होंने बताया कि इसके उपरांत सेवादल ब्लॉक स्तर पर यह कार्यक्रम आयोजित करेगा और कांग्रेस को मजबूती प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा।
