विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में मंगलवार को मंदिर आयुक्त एवं डीसी ऊना राघव शर्मा ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई। इसके अलावा डीसी ऊना राघव शर्मा ने बाबा श्री माईदास सदन में मंदिर न्यास,पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और टाउन कंट्री प्लानिंग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की।
मीटिंग के दौरान मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह,मंदिर एसडीओ आरके जसवाल,पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सियन एचएल शर्मा ,एसडीओ नितिन चौधरी,पंकज शर्मा सदस्य सचिव विशेष क्षेत्र प्राधिकरण श्री चिंतपूर्णी,प्लानिंग ऑफीसर निर्मल सिंह,जेईई परमिंदर सिंह आदि उपस्थित रहे। अर्चना करने के बाद डीसी ऊना राघव शर्मा ने चिंतपूर्णी मंदिर न्यास द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया,जिसमें उन्होंने बाबा श्री माईदास सदन में बन रहे कॉन्फ्रेंस हॉल और लाइब्रेरी के काम का निरीक्षण किया और अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने माधो दा टिल्ला और पुरानी बस स्टैंड में श्रद्धालुओं के लिए बनने वाले भवन के कार्य का भी निरीक्षण किया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने मां भगवती के दर्शन किए और मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से चलाए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया, जिसमें मंदिर के तलाब को जाने वाली सीढ़ियों, पुराना बस स्टैंड में बनने वाले भवन, माधो दा टिल्ला में बनने वाले भवन, लाइब्रेरी,कॉन्फ्रेंस हॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा ऑडियो वीडियो प्रोजेक्ट पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बताया कि मंदिर न्यास की ओर से कंट्रोल रूम का काम पूरा कर लिया गया है, जो बाजार में तार बिछाने का काम है वह पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल का है। पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल के अधिकारियों को काम में गति लाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
