Dharamshala, Rahul chawla (TSN)-आईपीएल 2025 की गूंज अब हिमाचल की वादियों तक पहुंच चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम मंगलवार दोपहर कांगड़ा एयरपोर्ट पर विशेष चार्टर्ड विमान से पहुंची, जहां टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों के बीच खिलाड़ी सीधे होटल रवाना हुए।
जैसे ही विमान धौलाधार की वादियों में उतरा, खिलाड़ियों ने खिड़कियों से बाहर झांककर बर्फ से ढकी पर्वत श्रृंखलाओं का नज़ारा लिया। टीम के चेहरों पर सुकून और ताजगी साफ झलक रही थी। कप्तान अक्षर पटेल, केएल राहुल, कुलदीप यादव समेत कई प्रमुख खिलाड़ी इस यात्रा का हिस्सा रहे।एयरपोर्ट से बाहर निकलते वक्त खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए फैन्स का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे माहौल और भी उत्साहित हो गया।
मैच का ज़िक्र:
दिल्ली की टीम हैदराबाद से मिली पिछली हार को भुलाकर अब नई ऊर्जा के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। सभी की निगाहें 8 मई को धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दिल्ली कैपिटल्स का सामना पंजाब किंग्स से होगा। पहाड़ियों की पवित्र भूमि अब एक बार फिर क्रिकेट के उत्साह की साक्षी बनेगी।
