बिलासपुर : सुभाष ठाकुर -सामाजिक, आर्थिक समानता के लिए छेड़े गए अभियान के तहत बिलासपुर के जिला परिषद भवन के सभागार में स्टेट कोलिशन फार लेजिसलेशन आफ शेडयूल कास्ट शेडयूल ट्राईब सब प्लान की प्रदेशस्तरीय बैठक संपन्न हुई। बैठक में सभी वक्ताओं ने एक स्वर में प्रदेश सरकार से तेलंगाना की तर्ज पर एससी एसटी सब प्लान के लिए विशेष एक्ट बनाने की पुरजोर मांग रखी ताकि संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार बजट का आवंटन हो।
इस अवसर पर अभियान के संयोजक प्रो. खजान सिंह धीर ने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि एससी एसटी वर्ग के उत्थान के लिए आवंटित बजट को कहीं और व्यय कर दिया जाता है जबकि यह समाज सही तरीके से उपर नहीं उठ पा रहा है। चूंकि बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर जी द्वारा दबे कुचले, शोषित, पीड़ित एवं वंचित समाज के उत्थान के लिए कानूनन प्रावधान किए हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में इन्हें सही मायनों में लागू नहीं किया जाता है। इसलिए पूरे प्रदेश में यह अभियान छेड़ा गया है। वहीं संयोजक सुखदेव विश्वप्रेमी ने कहा कि प्रदेश के भूमिहीन, शिक्षा से वंचित, रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तरस रहे लोगों को उनके अधिकार नहीं मिल पा रहे है और यह लड़ाई अब इसलिए भी जरूरी हो चुकी है कि न सिर्फ कानून या हक बल्कि संविधान भी खतरे ही जद में है। उन्होंने समाज का आहवान किया है कि एकजुट होकर न्याय की लड़ाई में आहुति डालें ताकि अपना हक लिया जा सके।
