नाहन : देवेंद्र कुमार -नाहन- रेणुकाजी-हरिपुरधार मार्ग पिछले 2 दिनों से भारी बरसात के चलते बन्द पड़ा है। मार्ग बन्द होने की वजह से जहां यात्री परेशानियां झेल रहे हैं तो वही नकदी फसलों को मंडियों तक पहुंचाने के लिए किसान मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं ।
मार्ग पर करीब 20 से 25 जगह आया है भारी मलबा
मीडिया से बात करते हुए मार्ग पर फंसे पर्यटकों समेत किसानों ने बताया कि मार्ग बीते 2 दिनों से ठप है । भारी बरसात के चलते मार्ग पर 20 से 25 स्थानों पर भारी भू-स्खलन हुआ हैं । लाखों रुपए के टमाटर समेत अन्य नगदी सब्जियां वाहनों में लोड मार्गो पर फंसी है। समय पर मंडियों तक न पहुंचने के चलते किसानों को नकदी फसलों के खराब होने की चिंताएं सता रही। दूसरी ओर यहां से माता रेणुका जी व मां भांगयाणी मंदिर को जाने वाले पर्यटक भी रास्ता खुलने के इंतजार में बैठे हैं । लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही व मार्ग को खोलने के लिए कार्य देरी से शुरू करना भी यहां फंसे लोगों के लिए परेशानी का सबब बना ।
उधर मीडिया से बात करते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग के वर्क इंस्पेक्टर नरेश चौहान ने बताया कि 2 दिनों से भारी बरसात के कारण मार्ग अवरुद्ध हुआ है। मार्ग को खोलने के लिए आधा दर्जन जेसीबी मशीनें लगाकर कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज शाम तक अगर मौसम साफ रहता है तो मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा । उन्होंने कहा कि यहां से गुजरने वाले पर्यटकों समेत किसानों व स्थानीय लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न आए इसको लेकर विभाग प्रयासरत है।
